newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

सादगी से मनाया ईद उल अजहा का त्योहार
शहर काजी ने पांच लोगों को पढ़ाई नमाज

बिजनौर। राजा का ताजपुर में पोटा रोड ईदगाह पर मुस्लिम समाज ने ईद उल अजहा का त्योहार बड़ी ही सादगी के साथ मनाया। ईद उल अजहा की नमाज ईदगाह में प्रात: सात बजे सिर्फ पांच लोगों ने अदा की।
ईदगाह पर शहर काजी मुफ्ती नसीम अहमद साहब ने नमाज पढ़ाई। मुफ्ती नसीम अहमद ने खिताब फरमाते हुए कहा कि इस वक्त हमारा देश बड़े ही नाजुक दौर से गुजर रहा है। देश के अंदर कोरोना वायरस बीमारी से हर तरफ हाहाकार मचा हुआ है। इस बीमारी से सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। इससे बचने के लिए हम सबको एक दूसरे से दूरी बनाकर रहना है क्योंकि अभी यह बीमारी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है। उन्होंने ईदुल अजहा के त्योहार पर मुसलमानों से अपील की है कि यह भाईचारा और इंसानियत का त्योहार है। यह त्योहार पूरी दुनिया के लोग हजरत इब्राहिम अली सलाम की याद में मनाते हैं। इस त्योहार को कुर्बानी के नाम से याद किया जाता है। हम सब इस त्योहार पर दूसरे धर्मों के लोगों का मान सम्मान करें। इस्लाम एक ऐसा मजहब है जो किसी भी धर्म के लोगों को तकलीफ देना नहीं सिखाता। इस्लाम मजहब तो सिर्फ और सिर्फ इंसानियत और भाईचारे का पैगाम देता है। इसलिए हम सबको हर त्योहार को बहुत सादगी और भाईचारे के साथ में मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस त्योहार पर गरीब बेसहारों का जरूरतमंद लोगों का पूरा ख्याल रखें ताकि कोई गरीब भूखा प्यासा ना रह जाए। हम सब अपने आसपास इस बात का पूरा ध्यान रखें कहां कुर्बानी हुई है, कहां नहीं हुई। जिन लोगों के यहां पर कुर्बानी नहीं हुई है, उन लोगों का जरूर ध्यान रखें, उनकी जरूरत को पूरा करें ताकि वह भी ईद की खुशी में शामिल हो सकें। 

इस मौके पर सभी मुसलमानों ने एक दूसरों को ईद उल अजहा की मुबारकबाद दी। वहीं शहर काजी मुफ्ती नसीम ने पूरे मुल्क की सलामती के लिए रो रो कर दुआ कराई। इस दौरान ईदगाह पर चौकी प्रभारी शिशुपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस मौके पर ईदगाह कमेटी के उस्मान अंसारी, डॉक्टर अनीस अहमद अंसारी, जाहिद मलिक, जहीर मकरानी, नूर इस्लाम मुजाहिद फारूकी आदि मौजूद थे।

Posted in , ,

Leave a comment