मुंढाल में किसान की गोली मारकर हत्या। दुमंजिला मकान में मिला गोली लगा शव। एसपी व सीओ ने किया मौका मुआयना।
बिजनौर। हीमपुर थाना क्षेत्र के गांव मुढ़ाल के जंगल में गुरुवार देर रात 38 वर्षीय किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। किसान के परिचित ने उसका शव दो मंजिले मकान में चारपाई पर पड़े देखा और ग्रामीणों के साथ पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसपी ने मौका मुआयना कर अधीनस्थ स्टाफ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार थाना व कस्बा हल्दौर निवासी हरि ओम (38 वर्ष) पुत्र राम सिंह 1988 से हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव मुंढाल के जंगल में दो मंजिला मकान बनाकर रह रहा था। वहां रह कर वह अपनी 40 बीघा कृषि भूमि की निगरानी के साथ ही खेती करता था। पुलिस के अनुसार हरि ओम को उसके छोटे भाई ने शुक्रवार की सुबह फोन किया। संपर्क न होने पर उसे चिंता हुई। इस पर उसने गांव लदुपुरा निवासी अपने परिचित बृजपाल को अपने बड़े भाई की खबर लेने मुंढाल भेजा। बृजपाल के अनुसार उसने मकान में चारपाई पर हरि ओम को मृत अवस्था में पाया। उसके सिर में गोली के दो निशान थे। सूचना पाकर पुलिस निरीक्षक वली मोहम्मद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आला अधिकारियों को घटना की सूचना दी। बाद में पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह व पुलिस क्षेत्राधिकारी चांदपुर शुभ सूचित ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच पड़ताल की और अधीनस्थ अधिकारियों को मामले ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। मृतक के पिता राम सिंह की तहरीर पर मामला अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया है। एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि मृतक के सिर में गोली लगी है। कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्दी ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जायेगा।
वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि हरि ओम शराबी किस्म का था। राम सिंह की दो पत्नियां हैं और वह अकेला ही डेरे पर रह रहा था। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Leave a comment