
- उत्तर प्रदेश में सात IPS अधिकारियों का तबादला
- गुरुवार देर शाम को जारी की गई लिस्ट
स्थानांतरित होने वाले आईपीएस अधिकारियों में धर्मेंद्र सिंह, राम बदन सिंह, अनिल कुमार, अभिषेक वर्मा, संकल्प शर्मा, अपर्णा गौतम और ओपी सिंह शामिल।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सात IPS अधिकारियों के तबादले किये गए हैं। इसमें पुलिस अधीक्षक भदोही, पुलिस अधीक्षक बदायूं, पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के साथ-साथ अपर पुलिस उपायुक्त (कानपुर) का नाम शामिल है। अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने गुरुवार देर शाम आदेश जारी किया।
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार की ओर से प्रशासनिक सेवाओं को अधिक बेहतर करने का काम किया जा रहा है। इसके चलते विभागीय अफसरों में फेरबदल की कवायद भी तेज हो गई है।
अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, रेलवे पुलिस में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) धर्मेंद्र सिंह का ट्रांसफर कर उन्हें प्रदेश के रूल्स एंड मैनुअल्स विभाग में डीआईजी पद पर भेज दिया गया है। भदोही जिला के एसपी राम बदन सिंह को गाजीपुर का एसपी बना दिया गया है। गाजीपुर के एसपी डा. ओपी सिंह को बदायूं का एसएसपी नियुक्त कर दिया गया है। कानपुर कमिश्नरेट के अपर पुलिस उपायुक्त अनिल कुमार को भदोही का एसपी बना दिया गया है। अनिल कुमार के स्थान पर बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संकल्प शर्मा को भेज दिया गया है। लखनऊ स्थित पुलिस महानिदेशक मुख्यालय पर तैनात एसपी अभिषेक वर्मा को औरैया जिला के एसपी के तौर पर नियुक्त किया गया है। यहां नियुक्त एसपी अपर्णा गौतम को लखनऊ स्थित डीजीपी मुख्यालय में एसपी के पद पर नियुक्त किया गया है।
10 दिन में 67 PCS: पिछले महीने उत्तर प्रदेश में 29 वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों के तबादले हुए थे। इसमें गोंडा, बहराइच व रायबरेली सहित कई जिलों के अधिकारियों का ट्रांसफर हुआ था। इससे कुछ दिन पहले ही 38 वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों का तबादला किया गया था। इस तरह 10 दिनों के भीतर 67 अधिकारियों का तबादला किया।
पुलिस महकमे पर योगी की सख्त निगाह
यूपी पुलिस को लेकर सीएम ने कानपुर में गुरुवार को कड़ा रुख दिखाते हुए साफ कहा था कि अगर पुलिस कर्मी की वर्दी पर कोई दाग (भ्रष्टाचार आदि में संलिप्ता) मिला तो, उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ सकती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे पुलिसकर्मियों की लिस्ट बनाने को कहा है, जिन पर कई तरह के आरोप हैं। सीएम का कहना है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त एक भी पुलिसकर्मी यूपी पुलिस में नहीं रहना चाहिए। विदित हो कि गोरखपुर में कानपुर के प्रॉपर्टी डीलर मनीष गुप्ता की हत्या के मामले में इंसपेक्टर समेत छह पुलिस कर्मियों पर आरोप है।
Leave a comment