तीन बार पहले भी हुआ था हत्या का प्रयास

बिजनौर। प्रिया शर्मा का पति कमल शर्मा पूर्व में भी तीन बार प्रिया पर हमला कर चुका है। प्रिया के बहनोई संदीप गौड़ के अनुसार कमल शर्मा ने पूर्व में गाड़ी से टक्कर मारकर प्रिया को मौत के घाट उतारने का प्रयास किया था। इसके अलावा कमल शर्मा ने अपने साथी के साथ मिलकर प्रिया को गोली मारने का प्रयास किया था। प्रिया एक घर में घुस गई थी, जिसके चलते वह अपने में मकसद में कामयाब नहीं हो स्का था। इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी।

बूढ़े माता-पिता पर टूटा दुःखों का पहाड़
बिजनौर। लगभग 85 वर्षीय गणेश दत्त शर्मा कृष्णा इंटर कालेज जलीलपुर में अध्यापक के पद से रिटायर हैं। वह अपनी पत्नी तथा पोते आर्यमन के साथ बिजनौर स्थित मकान में रहते हैं। उनके पुत्र का देहांत होने के बाद प्रिया ही उनका ख्याल रखती थी और उनके बुढ़ापे का सहारा थी। प्रिया की हत्या से बूढ़े माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
पति ले चुका था मेहनत की कमाई के 15 लाख
बिजनौर। शादी के बाद से ही प्रिया के पति ने पैसे के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया था। प्रिया के बहनोई संदीप गौड़ के अनुसार प्रिया शादी के बाद से अब तक कमल को लगभग 15 लाख रूपए दे चुकी थी। इसके बावजूद कमल उसे प्रताड़ित करता रहता था।
पूर्व विधायक रूचि वीरा ने परिजनों को दी सांत्वना

बिजनौर। प्रिया शर्मा की हत्या की सूचना मिलते ही पूर्व सदर विधायक रूचि वीरा अपने समर्थकों के साथ जिला अस्पताल पहुंच गई। उन्होंने मृतका के माता-पिता व अन्य परिजनों को सांत्वना दी। रूचि वीरा ने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़ी हैं, जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगी। उन्होंने प्रिया शर्मा के अच्छे व्यवहार की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह एक अच्छी प्रवक्ता व सशक्त महिला थी। वहीं कालेज का सभी स्टाफ भी जिला अस्पताल पहुंचा और शोकाकुल परिजनों का ढांढस बंधाया।
दिवंगत भाई के बेटे से था अथाह प्यार

बिजनौर। आरबीडी की प्रवक्ता प्रिया के भाई अभिलाष का लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व देहांत हो गया था।अभिलाष के तीन बच्चे हैं। उसकी पत्नी ज्योति अपने बेटी इति व बेटे आदी के साथ चांदपुर में पैतृक गांव में रहती हैं। परिजनों के अनुसार प्रिया अपने भाई अभिलाष के दूसरे पुत्र आर्यमन (9 वर्ष) से बहुत प्यार करती थीं। वह प्रिया की आंखों का तारा था। इसी के चलते प्रिया अपने साथ बिजनौर अपने पास रखती थी। आर्यमन भी प्रिया से बहुत प्यार करता है। बुआ की मौत के बाद आर्यमन सदमे में है।
Leave a comment