लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर चाचा शिवपाल सिंह यादव को तोहफा देंगे। सैफई में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि चाचा की पार्टी प्रसपा से भी गठबंधन करेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि लखीमपुर में मारे गए किसानों की याद में पार्टी ने स्मृति दिवस मनाया। सपा का हर कार्यकर्ता किसानों की याद में इस दिवाली एक दीपक जलाएगा।

देरशाम परिवार संग सैफई में पैतृक आवास पहुंचे सपा मुखिया ने पार्टीजनों से मुलाकात कर दीपावली की बधाई दी। वहीं मीडिया से कहा कि वह नेताजी (मुलायम सिंह) के जन्मदिन 22 नवंबर को चाचा शिवपाल सिंह यादव को बड़ा तोहफा देंगे। सपा में प्रसपा के विलय पर अखिलेश ने कहा कि विलय किसी पार्टी का नहीं होगा। सपा विधानसभा चुनाव छोटे दलों के साथ मिलकर लड़ेगी और चाचा की पार्टी से भी गठबंधन करेंगे। कहा कि चाचा को जितना वह सम्मान देंगे उतना कोई नहीं दे पाएगा।
उन्होंने बताया कि मऊ में ओमप्रकाश राजभर ने सपा के साथ रहने की घोषणा की है, इसी तरह अन्य कई छोटे दल मिलकर चुनाव लड़ने को तैयार हैं। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई से हर वर्ग परेशान हैं। सरकार किसानों को खाद तक नहीं दे पा रही। सपा सरकार के कामों का मुख्यमंत्री उद्घाटन कर रहे हैं। उन्होंने देश, प्रदेश व जिले के लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
Leave a comment