
लखनऊ (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बुंदेलखंड में किसानों-जवानों को तमाम बेशकीमती सौगातें देंगे। इनकी कुल लागत करीब 6600 करोड़ है। महोबा में वह चार बांधों को जोड़ने वाली अर्जुन सहायक परियोजना के साथ करीब 3263 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। उसके बाद झांसी में डिफेन्स कॉरीडोर के पहले प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे। यहां टैंक रोधी मिसाइल व हल्के हेलीकाप्टर बनेंगे। यहीं वह मेगा सोलर पार्क समेत सबसे हल्का स्वदेशी हेलीकॉप्टर, वारफेयर सूट समेत तमाम सैन्य आयुध व उपकरण देंगे। इनकी कुल लागत 3414 करोड़ है।

रानी का किले भी जाएंगे मोदी-
झांसी में प्रधानमंत्री रानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिवस समारोह में शामिल होने से पहले रानी झांसी का किला देखेंगे। अंग्रेजों से युद्ध के दौरान रानी जिस स्थान से घोड़े पर सवार होकर कूदी थीं, वह भी देखेंगे। किले के सबसे ऊंचे बुर्ज से वह शहर का नजारा लेंगे। मोदी जो तोहफे देने वाले हैं, उनमें से डिफेंस कॉरीडोर को हटा दें तो ज्यादातर पानी से संबंधित हैं। बुंदेलखंड के सातों जिले दशकों से जलसंकट ग्रस्त रहे हैं। यह योजनाएं 500 से ज्यादा गांवों, 10 लाख से ज्यादा किसानों को लाभान्वित करेंगी। इनमें ललितपुर का भावनी बांध, महोबा की अर्जुन सहायक परियोजना मुख्य हैं।
इतिहास दोहराने की कोशिश
विधानसभा चुनाव की दहलीज पर खड़े यूपी में चुनावी शंखनाद पहले ही हो चुका है। अब 19 सीटों वाले बुंदेलखंड में मोदी के ताबड़तोड़ दो कार्यक्रम हो रहे हैं। 2017 के विस चुनाव में भाजपा ने यहां की सभी 19 सीटें जीत ली थीं। पार्टी पर इस बार भी वही इतिहास दोहराने का दबाव है। पिछले चुनाव में बुंदेलखंड की दो सीटें महरौनी और राठ भाजपा ने करीब एक लाख वोटों से जीती थीं। दो अन्य सीटें उरई और ललितपुर क्रमश: 80 और 58 हजार से जीती थीं। इस इलाके में भाजपा कोई भी सीट 16 हजार से कम अंतर से नहीं जीती। पानी यहां सबसे बड़ी जरूरत है। जल-संकट दूर करने वाली अरबों की योजनाएं इसीलिए बड़ी तेजी से पूरी की गईं, जिनका लोकार्पण मोदी कल करने वाले हैं।

2014 से लगातार जीत रही भाजपा
6 दिसंबर 1992 में बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद समाजवादी पार्टी और बसपा जैसे क्षेत्रीय राजनीतिक खिलाड़ियों ने बुंदेलखंड के राजनीतिक परिदृश्य पर कब्जा करने के लिए भाजपा को पछ़ाड़ दिया था, लेकिन 2014 में पार्टी ने जोरदार वापसी की, तब से भाजपा लगातार जीत हासिल कर रही है। बुंदेलखंड में गैर यादव ओबीसी और गैर जाटव दलितों की एक बड़ी आबादी है, जिन्होंने इन चुनाव में भाजपा को वोट दिया था। बुंदेलखंड में दलितों की आबादी लगभग 30 प्रतिशत और मुसलमानों की सात प्रतिशत आबादी है।
बुंदेलखंड को मिलने वाले तोहफे–
महोबा में 3263 करोड़ की योजनाएं
अर्जुन सहायक परियोजना: 2655 करोड़
रतौली बांध परियोजना: 54 करोड़
मझगवां-चिल्ली सिंचाई परियोजना: 18 करोड़
भावनी बांध परियोजना: 512 करोड़
पांच अन्य परियोजनाएं:24 करोड़
झांसी में 3414 करोड़ की सौगात
600 मेगावाट अल्ट्रामेगा सोलर पार्क: 3013 करोड़
झांसी डिफेंस कॉरिडोर: 400 करोड़
एकता पार्क: ₹1.30 करोड़
डेढ़ घंटे झांसी में… प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को महोबा में एक घंटे और झांसी में डेढ़ घंटे रहेंगे। वह 2:35 बजे महोबा पहुंचेंगे और शाम को करीब साढ़े छह बजे झांसी से उनकी वापसी होगी। प्रधानमंत्री खजुराहो एयरपोर्ट में उतरकर हेलीकाप्टर से महोबा पहुंचेंगे। महोबा हेलीपैड से पौने तीन बजे रैली स्थल पुलिस लाइन पहुंचेंगे जहां पर एक घंटे रहेंगे। महोबा से वह करीब चार बजे झांसी के लिए रवाना होंगे। महोबा में उनके कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह के अलावा प्रदेश सरकार के कई मंत्री रहेंगे। प्रधानमंत्री 4:50 बजे झांसी पहुंचेंगे और यहां करीब डेढ़ घंटे रहेंगे। मुख्य कार्यक्रम के अलावा वह 15 मिनट झांसी का किला भी देखेंगे। झांसी से साढ़े छह बजे पीएम मोदी वापस होंगे।
मौजूद रहेंगे-
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के अलावा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी और नौ सेनाध्यक्ष एडमिरल कर्मवीर सिंह भी झांसी पहुंचेंगे। झांसी में किले के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय एमएसएमई राज्यमंत्री भानुप्रताप वर्मा, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ समेत झांसी, ललितपुर और जालौन जिले के विधायक, सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष समेत 750 लोग मौजूद रहेंगे।
Leave a comment