
लखनऊ। सैनिक कल्याण एवं होमगार्ड्स विभाग स्वर्ग में बैठे चेतन चौहान जी चला रहे हैं? जी हां, कम से कम विधानसभा गेट नंबर 09 इंक्वायरी पर कर्मचारियों द्वारा उपलब्ध जानकारी तो यही साबित कर रही है!

राजधानी लखनऊ पहुंचे जनपद बिजनौर के अजय फौजी व कुंवर पाल सिंह ने दूरभाष पर बताया कि वह पूर्व सैनिकों की तमाम समस्याओं का निवारण कराने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए वह जोरशोर से कोशिश भी कर रहे हैं। उन्हें संबंधित अधिकारियों व मंत्री के संपर्क नंबर की जानकारी विधानसभा गेट नंबर 09 से प्राप्त करने के लिए कहा गया। गेट नंबर 9 इंक्वायरी पर लगे चार्ट में प्रथम दो नंबर क्रम से 2213260 व 2238080 अंकित थे। जब उपरोक्त नंबरों पर बात की, तो जवाब आया कि वह प्रोजेक्ट प्राविधिक शिक्षा मंत्री के यहां से बोल रहे हैं। इनके नाम संजीव दुबे व शम्भूनाथ शुक्ला हैं। इस पर उन्होंने इंक्वायरी पर जानकारी की, तो नंबर 2237675 दिया गया। इस पर संपर्क करने पर पता चला कि उपरोक्त नंबर स्वास्थ्य मंत्री अवधेश प्रसाद का है। बकौल अजय फौजी, उन्हें यह जानकर अत्यंत आश्चर्य हुआ कि सरकार की नाक के नीचे बैठे अधिकारियों, कर्मचारियों को ही सरकारी मशीनरी की जानकारी नहीं है, तो फिर कहां होगी। विधानसभा गेट पर जानकारी के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं देखी गई। उनके द्वारा दी गई जानकारी काफी पुरानी है। इंक्वायरी से स्वर्गीय चेतन चौहान से संपर्क करने के लिए कहा गया है। इसका मतलब यह है कि अब उनसे संपर्क करने के लिए तो स्वर्ग जाना पड़ेगा। यह बात जब मौके पर मौजूद कर्मचारियों से कही गई तो वह पहले तो चुप्पी साध गए, फिर बोले कि हम सही जानकारी कर के आपको दे रहे हैं। वहीं अजय फौजी ने कहा कि यदि उन्हें संबंधित मंत्री अथवा अधिकारी से संपर्क करने का कोई मोबाइल या लैंडलाइन नंबर नहीं मिला तो वह कल मुख्यमंत्री के आवास पर धरना शुरू कर देंगे।
गौरतलब है कि सितंबर 2021 में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह विभाग पलटूराम को सौंपा था। प्रमुख सचिव हिमांशु हैं। यह बात राजधानी के हृदय स्थल में बैठे अधिकारियों कर्मचारियों को ही नहीं पता तो सोचने का विषय है कि प्रदेश भर के जनपदों में क्या हालात होंगे?
Leave a comment