newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

चांदपुर/बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चांदपुर नगर निवासी हर्षित वर्मा ने अपनी प्रतिभा और लगन से पूरे देश में जनपद का नाम रोशन किया है। उन्होंने भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) की प्रतिष्ठित चयन प्रक्रिया में अखिल भारतीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर एक अभूतपूर्व उपलब्धि दर्ज की है। हर्षित वर्मा, जो श्री अखिल वर्मा के सुपुत्र और श्री महेंद्र वर्मा के पौत्र हैं, मूल रूप से चांदपुर नगर के निवासी हैं, तथा वर्तमान में अपनी माता श्रीमती बबीता वर्मा के साथ देहरादून में रह रहे हैं।

हर्षित की इस शानदार सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे बिजनौर जिले और उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से भारत के युवाओं का मनोबल बढ़ा है। हर्षित के माता-पिता को यश की प्राप्ति हुई है, और उनके सभी रिश्तेदारों एवं मिलने वालों द्वारा लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं। चांदपुर नगर के लिए यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है कि उनके बेटे ने राष्ट्रीय स्तर पर इतना बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस गौरवपूर्ण क्षण से सभी का सीना गर्व से चौड़ा हो रहा है।

भारतीय तटरक्षक बल देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा, समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने, आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह भारतीय सशस्त्र बलों की एक अभिन्न अंग है। इस बल में चयन होना अपने आप में देश सेवा का एक महान अवसर है, और इसमें दूसरा स्थान प्राप्त करना हर्षित की असाधारण योग्यता, समर्पण और कड़ी मेहनत का प्रमाण है।हर्षित वर्मा को उनकी इस शानदार सफलता पर पूरे देश से शुभकामनाएँ मिल रही हैं और भारतवर्ष ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करता है।

Posted in ,

Leave a comment