गोली मारकर दूधिया की दिनदहाड़े हत्या। खतापुर से मुकरपुर गदाई मार्ग पर शव पड़ा देख ग्रामीणों ने दी पुलिस को जानकारी। परिजनों ने किया किसी से रंजिश से इंकार।
बिजनौर (एकलव्य बाण समाचार) हल्दौर थानांतर्गत ग्राम खतापुर निवासी एक दूधिया (दूध खरीदने-बेचने का कार्य करने वाले) की शनिवार सुबह दिन निकलते ही गोली मार कर हत्या कर दी गई। मृतक का शव खतापुर से मुकरपुर गदाई मार्ग पर पड़ा देख ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जानकारी के अनुसार ग्राम खतापुर निवासी राजवीर सिंह पाल (35) पुत्र दिलीप सिंह दूध का काम करता था। शनिवार की सुबह राजवीर का शव खतापुर -मुकरपुर गदाई मार्ग पर स्थित देवता के नजदीक पड़ा मिला। मृतक के सिर में गोली मारी गई थी। शव की सूचना खेतों पर जा रहे ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सील कर पीएम के लिए भिजवा दिया। घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस कप्तान डॉ. धर्मवीर सिंह व सीओ कुलदीप गुप्ता ने मामले की जानकारी हासिल करने के साथ ही परिजनों से पूछताछ की। हलका इंचार्ज गौरव कुमार के अनुसार राजवीर के सिर में गोली लगी है। शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है । मृतक के परिजनों ने किसी से रंजिश से इंकार किया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।
Leave a comment