
लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों को जीतने के लिए भाजपा ने बड़ी तैयारी की है। प्रदेश में भाजपा ने बूथ लेवल तक मैनेजमेंट करने के लिए 1.63 करोड़ बूथों पर पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति का फैसला लिया है। संगठन के तौर पर बेहद मजबूत भाजपा ने चुनावों में हर बूथ तक पहुंचने का फैसला लिया है। इन लोगों को हर बूथ पर मतदाताओं से संपर्क साधने की जिम्मेदारी दी जाएगी। चुनाव में वोटर्स को बाहर निकालने और उन्हें बूथ तक ले जाने काम इन्हें सौंपा जाएगा। फिलहाल इन लोगों को ट्रेनिंग दी जा रही है, जो इस महीने के आखिर तक पूरी हो जाएगी।
प्रदेश भर में पन्ना प्रमुख सम्मेलन
पूरे उत्तर प्रदेश में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में पन्ना प्रमुखों का तीन दिवसीय सम्मलेन बुलाया जाएगा। गौरतलब है कि पन्ना प्रमुखों को एक तरह से 30 घरों की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। एक बूथ पर पार्टी 10 से 15 पन्ना प्रमुखों को तैनात किया जाता है। यूपी के विधानसभा चुनाव में पार्टी एक बार फिर से गुजरात में आजमाई हुई इस रणनीति पर फोकस कर रही है।
60 मतदाताओं के बीच एक पन्ना प्रमुख
इस बार भाजपा चुनाव में माइक्रो लेवल पर मैनेजमेंट करने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इसके तहत हर लिस्ट में शामिल एक शख्स को पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘पन्ना प्रमुख वोटर्स की लिस्ट में से ही एक वोटर होगा। 60 मतदाताओं के बीच एक पन्ना प्रमुख तय किया जाएगा, जो उनसे बात करेगा, पार्टी को वोट देने के लिए प्रेरित करेगा और उन्हें बूथ तक वोट के लिए ले जाएगा।’ कुल मिलाकर पार्टी ने मतदाताओं के बीच अपनी बैठ बनाने के लिए इस रणनीति पर फोकस किया है।
शाह का कॉन्सेप्ट, नड्डा को भी भरोसा
पन्ना प्रमुख का कॉन्सेप्ट अमित शाह ने दिया था। इसी को आगे बढ़ाते हुए हाल ही में जेपी नड्डा ने बूथ विजय अभियान की शुरुआत की थी। विदित हो कि यूपी में अगले साल चुनाव होने वाले हैं। 2024 के लोकसभा चुनावों के लिहाज से भी भाजपा के लिए इस प्रदेश में अपनी सत्ता को बनाए रखना अहम है। 2017 में पार्टी ने 39.67 फीसदी वोट लेकर 403 में से 312 सीटों पर जीत हासिल की थी।
Leave a comment