बिजनौर। धनतेरस, छोटी दीपावली व दीपावली पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक आने लगी है। बाजारों में स्टॉल सज गए हैं। फुटपाथ पर सामान बिक्री करने वालों ने भी अपना सामान सजा दिया है। इसी के साथ शहर के भीड़ भरे बाजारों में दुपहिया वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए भी पुलिस मुस्तैद हो गई है। नगर पालिका से घंटाघर तक वाहनों के लिए नोएंट्री जोन घोषित किया हुुआ है। एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि त्योहार को लेकर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला पुलिस कर्मियों को भी विशेष रूप से लगाया गया है।

दीपावली को लेकर शहर के बाजारों में लोगों की भीड़ भी बढ़ने लगी है। इसके बावजूद खरीदारों की संख्या कम बताई जा रही है। इसी के साथ यहां सुरक्षा के इंतजाम भी कड़े किए जा रहे हैं। पुलिस ने नाकेबंदी के साथ-साथ पुलिस राइडर गश्त भी बढ़ा दी है।
बाजारों में स्वदेशी वस्तुओं की भरमार
शहर के बाजारों में स्वदेशी वस्तुओं की भरमार है। इस बार चीनी वस्तुओं का आयात नहीं होने की वजह से स्वदेशी वस्तुएं ही बिक्री के लिए बाजार में उपलब्ध हैं। हालांकि स्वदेशी वस्तुओं पर भी महंगाई की मार है।

फुटपाथ पर सज गए दीपक व सजावटी सामान के बाजार
फुटपाथ पर मिट्टी के दीपक और सजावटी सामान का बाजार भी सज गए हैं। मिट्टी के दीपक भी कई तरह के उपलब्ध हैं, जबकि सजावटी सामान भी बाजार में आने वालों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
Leave a comment