
नूरपुर के ग्राम मोरना में गौ महोत्सव व प्रदर्शनी।
गौधन से बडा धन नहीं: आभा सिंह
बिजनौर। नूरपुर के ग्राम मोरना स्थित भारत सेवाधाम आरण्यक न्यास के तत्वावधान में गौपाष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में गौ महोत्सव व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
सोमवार को कार्यक्रम का शुभारंभ गौ संकट निवारण वैदिक यज्ञ से हुआ। सेवाधाम के सेक्रेटरी अनिल कमल व धर्मपत्नी संध्या कमल ने आहुति दी। इसके उपरांत मुख्य वक्ता संघ से जुड़े राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के केंद्रीय संगठन मंत्री तुषार कांत ने गौरक्षा व धर्म व हिंदू संस्कृति पर धाराप्रवाह विचार व्यक्त करते देश में गौ की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की ज़िला संयोजक व आभा फ़ाउंडेशन की संस्थापिका आभा सिंह ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में गौमाता का अत्यंत महत्वपूर्ण व पूजनीय स्थान है। गौमाता पृथ्वी का प्रतीक माना जाता है और गौधन से बड़ा कोई धन नहीं है। गौसेवा हमें मोक्ष के मार्ग तक लेकर जाती है। कार्यक्रम को हरिद्वार से पधारे महंत डा.योगेंद्र जी,महंत वचनदास जी, पंचम कमल,प्राकृतिक चिकित्सक विपिन कुमार, घनश्याम जी आदि ने संबोधित कर गौरक्षा पर जोर दिया।

महंत सियाराम की अध्यक्षता व अनिल कमल के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री महावीर सिंह, पूर्व विधायक डा. वीपी सिंह, डा. एनपी सिंह, पुष्पेन्द्र शेखावत, सेवाधाम के व्यवस्थापक देवराज कमल, डा. दिग्विजय सिंह, आचार्य हिरेंद्र आदि ने सहभागिता की। कार्यक्रम में आसपास क्षेत्र से करीब साठ देसी गाय प्रदर्शित की गई। इनमें ढेली अहीर निवासी धर्मेंद्र सिंह और अथाई अहीर निवासी देवेन्द्र यादव व लेखराज सिंह की गाय क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं।
Leave a comment