newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

पीड़ित विधवा पर ही फैसले को दबाव डाल रही गंज पुलिस

चौकी में इंसाफ न मिलता देख कोतवाली पहुंची विधवा महिला

न्याय के लिए एक साल के अबोध बालक संग भटकने को मजबूर विधवा

बिजनौर। जहां एक ओर केंद्र व प्रदेश सरकारें महिला सशक्तिकरण के लिए तमाम तरह के प्रयास कर रही हैं, उनके लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है; वहीं कस्बा गंज की पुलिस इसके बिल्कुल उलट चल रही है। एक विधवा को न्याय दिलाना तो दूर, उस पर ही आरोपी ससुरालियों से फैसला करने को दबाव डाल रही है।

ग्राम जहानाबाद, पोस्ट गंज निवासी हेमलता रानी के पति रोहित कुमार की चार माह पूर्व मृत्यु हो गई थी। वह अपनी ससुराल में ही रहती है। कुछ समय पहले वह अपने मयके चली गयी थी। इस बीच उसके ससुर दयाराम सिंह, जेठ यशवीर सिंह, जेठानी रुकमणी और रुकमणी के पिता वीर सिंह ने मिलकर उसकी भूमि, संपत्ति, जेवरात आदि पर कब्जा जमा लिया। बकौल हेमलता मामले की जानकारी उसे ससुराल लौटने पर हुई।

परिजनों संग पीड़ित विधवा हेमलता

जमीन कब्जाई, जान की धमकी- गुरुवार को थाना शहर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में हेमलता ने बताया कि ससुरालियों ने उसके पति रोहित की नई ई-रिक्शा को बेच दिया। यही नहीं उसके पति के हिस्से की 6 बीघा जमीन पर कब्जा कर उसमें खड़ी 4.5 बीघा गन्ने की फसल और 1.5 बीघा धान की फसल भी कब्जा ली। विधवा महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात छीन लिए। अब मामले की शिकायत पुलिस से करने पर उसे व उसके एक वर्षीय पुत्र को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। महिला ने बताया कि चार दिन पूर्व वह हिम्मत कर अपने मायके पक्ष के लोगों को साथ लेकर गंज चौकी पहुंची। आरोप है कि चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने मदद करना तो दूर की बात उल्टा उसे ही किसी लफड़े में न पड़ने की सलाह दे डाली। थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र वशिष्ठ ने मामले में पूर्ण सहयोग के आश्वासन के साथ ही जांच महिला सशक्तिकरण सेल को सौंप दी है।

ग्राम प्रधान ने कहा दिलाएंगे न्याय- ग्राम प्रधान तहजीब अहमद ने कहा कि उनके समक्ष यह मामला आया है। वह अपने स्तर से पूरा प्रयास करेंगे कि अबोध बालक व उसकी विधवा मां को न्याय मिल सके। इसके लिए वह गांव के संभ्रांत लोगों का भी सहयोग लेंगे।

Posted in , , ,

Leave a comment