सिविल लाइंस में पेट्रोल पंप के बाहर महावीर स्कूल के सामने खोली जा सकती है पुलिस चेकपोस्ट। फिलहाल डाकघर के बाद एसआरएस पर ही रहती है पुलिस। जागरुक नागरिकों का मानना विचार करें पुलिस अधीक्षक। ट्यूशनखोरों के यहां से निकलने वाली फौज सड़कों पर जमकर मचाती है धमाल।

बिजनौर। शहर में कुछ स्थानों पर पुलिस चेकपोस्ट खोलने की योजना विभाग ने बनाई थी। इनमें शहर के बाहरी क्षेत्र चक्कर रोड के कई पॉइंट, बैराज रोड, मुरादाबाद रोड आदि शामिल हैं। पुलिस चेकपोस्ट बाहरी क्षेत्र के साथ ही शहर के अंदरूनी हिस्सों में भी खोलने पर पुलिस अधीक्षक को विचार करना चाहिए। ऐसा जागरुक नागरिकों का मानना है।
इस समय सबसे अधिक संवेदनशील क्षेत्र सिविल लाइंस है। यहां दिन भर हजारों लोगों का पैदल, रिक्शा अथवा दोपहिया, चौपहिया वाहनों से आवागमन रहता है। यहीं पर लोगों के लाड़ले बेखौफ होकर बाइक्स पर फर्राटा भरते हैं। खासतौर पर दोपहर बाद स्थिति अधिक ख़राब हो जाती है। पूरे सिविल लाइंस क्षेत्र में दिनभर बाइकर्स का आतंक रहता है। दरअसल ट्यूशनखोरों के यहां से निकलने वाली फौज सड़कों पर जमकर धमाल मचाती है। इनके दोपहिया तीन से पांच के बीच ही सवारी बैठा पाते हैं। इससे कम पर कोई समझौता नहीं। हॉर्न पर उंगली, 70-80 की स्पीड पर एक्सीलेटर भीड़ को पानी मे काई की तरह फाड़ देते हैं। देर रात तक ऐसा ही चलता रहता है। लड़कियों, महिलाओं, वृद्धों, बच्चों को सड़क पार करने के लिए दस-दस मिनट तक इंतजार करना पड़ता है।

फिलहाल डाकघर के बाद पुलिस एसआरएस पर ही रहती है। लोगों का मानना है कि सिविल लाइंस में पेट्रोल पंप के बाहर महावीर स्कूल के सामने पुलिस चेकपोस्ट खोली जा सकती है। पुलिस अधीक्षक को इस विषय में विचार करना चाहिए।
Leave a comment