newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

बिजनौर। चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह को पुलिस ने दबोच लिया है। नगीना समेत चार जगहों पर चोरी करने वाले आरोपियों के पास से सोने चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया गया। अभी इस गिरोह के दो सदस्य फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है।

एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह और सीओ सिटी अनिल कुमार ने प्रेसवार्ता कर चोरों के पकड़े जाने का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस ने नौशाद पुत्र शमशाद निवासी पक्का बाग धामपुर, गुलफाम पुत्र मुनीर निवासी बख्शीवाला शहर कोतवाली और नसीम पुत्र इशहाक निवासी गांव खारी को गिरफ्तार किया है। इनके दो साथी उमर और एजाज फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।

पकड़े गए आरोपियों ने पंद्रह दिन पहले नई बस्ती में ताला तोड़कर लाखों की चोरी की थी।
बीस दिन पहले शिवाजीपुरम कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान में तार चोरी किया। एक महीना पहले नगीना में बंद मकान में चोरी की। इसके अलावा गजरौला अचपल में एक घर में चोरी को अंजाम दिया था। अब तीन चोरों को पकड़कर पुलिस ने सोने और चांदी के आभूषण, ₹13 हजार नकद, दो बाइक, दो तमंचे और एक चाकू बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी पहले भी चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी। गिरफ्तार करने वाली टीम में शहर कोतवाल रविंद्र कुमार वशिष्ठ, एसआई तेजपाल सिंह, एसआई जयवीर सिंह, एसएसआई मीर हसन, अरविंद, खालिद आदि शामिल रहे।

Posted in , , ,

Leave a comment