newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ती गर्भवती विवाहिता लगा रही न्याय की गुहार। जानलेवा हमला कर ससुराली फेंक गए थे जंगल में। थाना शिवाला कलां क्षेत्र का मामला।

बिजनौर। जिला अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ती विवाहिता न्याय की गुहार लगा रही है। जानलेवा हमला कर ससुराली जंगल में फेंक गए। मामला थाना शिवाला कलां क्षेत्र के ग्राम झुझैला का है।

थाना शिवाला कला के ग्राम धारूपुर निवासी स्वर्गीय मास्टर कूड़े सिंह की छोटी बेटी रूपा की शादी शिवाला कला थाने के ही ग्राम झुझैला निवासी मलखान सिंह के पुत्र गौरव कुमार के साथ 22 जून 2022 को हुई थी। पीड़ित रूपा के अनुसार उसका पति व ससुराल वाले दहेज आदि को लेकर शादी के बाद से ही उसका मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करते रहते हैं। साथ ही उसका ससुर मलखान उससे शारीरिक संबंध बनाना चाहता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। कई बार मारपीट करने के बाद वह अपनी मां के यहां भी चली गई, लेकिन रिश्तेदारों के कहने सुनने पर वर्तमान समय में ससुराल में ही रह रही थी विगत 4 नवंबर 2022 को उसके पति गौरव, सास रेखा एवं ससुर मलखान व एक अन्य युवक रूपा को गाड़ी में बैठा कर पास के ही गांव भैंसा के पास एक नहर पर जंगल में ले गए। इस दौरान रूपा की मां मिथिलेश को भी इन लोगों ने अपने साथ ले रखा था। उसको हथौड़े आदि हथियारों से मारते मारते मरणासन्न पर छोड़कर भाग गए। किसी तरह मिथिलेश ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दुर्घटना स्थल के पास चल रहे गन्ना क्रय केंद्र पर मौजूद लिपिक व अन्य लोगों ने रूपा के कराहने की आवाज सुनकर चारपाई पर लिटा कर पानी पिलाया और पुलिस को सूचना दी। इस पर शिवाला कला थाने के दो सिपाही एवं महिला पुलिस ने रूपा को नूरपुर अस्पताल में भर्ती कराया। रूपा की आंख व कमर पर गंभीर चोटें हैं। रूपा के परिजन जिला संयुक्त अस्पताल में प्राइवेट वार्ड लेकर उसका इलाज करा रहे हैं।

रूपा ने अस्पताल में पहुंचे पत्रकारों को बताया कि वह ढाई माह की गर्भवती थी। शरीर में अधिक चोटें आने के बाद अस्पताल में ही उसका गर्भपात हो गया है। थाना शिवाला कला पुलिस हमलावरों के विरुद्ध तहरीर नहीं लिख रही थी। पुलिस अधीक्षक के माध्यम से मुकदमा दर्ज कराया गया है। कुछ दिन पूर्व भी उसके पति आदि के मारपीट करने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया था। रूपा का कहना है कि उसके ससुराल वाले बदमाश प्रवृत्ति के लोग हैं जो अवैध हथियार रखते हैं। 4 नवंबर को भी उसके पति व ससुर ने तमंचे ले रखे थे और वह उसकी हत्या करना चाहते थे। रूपा के व बहनोई शोभित चौहान ने बताया कि पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी करने में ढुलमुल रवैया अख्तियार किए हुए हैं। पुलिस ने 10 नवंबर को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी रूपा के भाई व उन पर मुकदमा वापस कराने का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब वह उच्च अधिकारियों से मिलकर थाना शिवाला कला पुलिस की घोर लापरवाही तथा रूपा पर जानलेवा हमला करने वालों की शिकायत करेंगे ताकि मरणासन हालत में पहुंची रूपा को न्याय मिल सके।

Posted in , , ,

Leave a comment