newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

प्रथम दृष्टया पारिवारिक तनाव बताया जा रहा आत्महत्या का कारण

रिटायर्ड कानूनगो ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर की आत्महत्या

बिजनौर। धामपुर में रिटायर्ड कानूनगो ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण प्रथम दृष्टया पारिवारिक तनाव बताया जा रहा है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी, धामपुर सर्वम सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी हासिल की और अधीनस्थ स्टाफ को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

सर्वम सिंह क्षेत्राधिकारी, धामपुर

जानकारी के अनुसार धामपुर थानांतर्गत स्योहारा चुंगी स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी रिटायर्ड कानूनगो रतिराम सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

नगीना तहसील से बीते वर्ष सेवानिवृत्त हुए लगभग 61 वर्षीय कानूनगो रतिराम सिंह पुत्र दीवान सिंह अपने परिवार के साथ धामपुर की स्टेट बैंक कॉलोनी में निवास करते थे। उनके दो पुत्र और एक पुत्री है। मूलरूप से क्षेत्र के ग्राम पाडली मांडू निवासी रतिराम सिंह कई वर्षों तक धामपुर तहसील में लेखपाल के पद पर कार्यरत रहे। वर्ष 2001 में धामपुर की स्टेट बैंक कॉलोनी में अपना निजी मकान बना कर परिवार के साथ रहते थे। धामपुर से उनका स्थानांतरण नगीना तहसील के लिए हो गया था, जहां से वह पिछले वर्ष कानूनगो के पद से सेवानिवृत हुए थे।

रतिराम सिंह का फाइल फोटो

रतिराम सिंह की पत्नी विमला देवी के अनुसार गुजरात में नौकरी के दौरान दुर्घटना में उनके एक पुत्र उमेश कुमार का हाथ कट गया था। इसके बाद उमेश का अपनी पत्नी से तलाक हो गया था। तभी से उनके पति बहुत परेशान चल रह थे। वह शुगर तथा ब्लड प्रेशर के भी मरीज थे और रात में कभी भी जाग जाते थे। बीती रात लगभग एक बजे भी वह अचानक हड़बड़ा कर उठे और कहने लगे कि मेन गेट पर कोई है, शायद घर में चोर घुस आए हैं। उन्होंने पड़ोसियों से भी यह बात बताई, पुष्टि न होने पर वापस कमरे में जाकर सो गए, जहां उनकी पत्नी विमला देवी भी मौजूद थी। रविवार प्रातः लगभग 6:30 बजे रतिराम सिंह ने दूसरे कमरे में जाकर लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिजन उनको उपचार हेतु एंबुलेंस से मुरादाबाद ले जा रहे थे, रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही धामपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक किशन अवतार भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Posted in , , ,

Leave a comment