प्रयागराज महाकुंभ ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर आया था सिपाही
सगाई के चंद घंटे बाद पेड़ पर लटका मिला पीएसी जवान का शव
बिजनौर। अफजलगढ़ थाना क्षेत्र में पीएसी के एक जवान का शव पेड़ से लटका बरामद हुआ है। सिपाही के दोनों हाथ पीछे रस्सी से बंधे हुए थे। चंद घंटे पहले ही उसकी सगाई हुई थी और अगले महीने शादी होने वाली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जिला बिजनौर के अफजलगढ़ का सिपाही लोकेंद्र मुरादाबाद की नौवीं बटालियन पीएसी में तैनात था। फिलहाल उसकी ड्यूटी प्रयागराज महाकुंभ में चल रही थी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार 15 जनवरी को सगाई होने की वजह से वह 3 दिन की छुट्टी लेकर अपने गांव आया हुआ था।

बुधवार दोपहर को उसकी सगाई की रस्म पूरी हुई और शादी की तारीख 14 फरवरी तय हो गई। सगाई कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सिपाही लोकेंद्र किसी काम के लिए घर से बाहर निकला, लेकिन शाम तक वापस नहीं आया। इस पर खोजबीन शुरू हुई। उसकी लाश अपने ही खेत में खड़े पेड़ से लटकी हुई मिली। उसक दोनों हाथ पीछे रस्सी से बंधे हुए थे। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। एसपी अभिषेक झा ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की जांच की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की जेब से एक नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि मैं पिछले दो-तीन महीने से परेशान हूं। मेरे परिजनों को इस घटना के बाद परेशान न किया जाए। फॉरेंसिक टीम ने कुछ साक्ष्य जुटाए हैं। सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
Leave a comment