newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

लखनऊ। श्रावण मास के पहले सोमवार पर राजधानी लखनऊ शिवभक्ति से सराबोर रही। सभी प्रमुख मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन करने उमड़ पड़े। रविवार देर रात से ही श्रद्धालु बेलपत्र, जल कलश और पूजा सामग्री के साथ मंदिर पहुंचने लगे। मंदिरों के बाहर लंबी लाइनें लगने लग गईं। मंदिरों के कपाट खुलने के साथ ही “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।

oplus_0

सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित होता है और इस दौरान पड़ने वाले सोमवार का विशेष महत्व होता है। सावन का पहला सोमवार भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। शहर के प्रमुख शिवालय मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर महादेव, नागेश्वर महादेव मंदिर आशियाना, राजेन्द्रनगर महाकाल समेत सभी प्रमुख मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा सामग्री ले कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन करने उमड़ पड़े। भक्तों ने गंगाजल, गाय का कच्चा दूध, दही, घी, शहद, चीनी, बेलपत्र, धतूरा, भांग, शमी पत्र, सफेद फूल, चंदन, रोली, अक्षत, फल और मिठाई अर्पित की।

नागेश्वर महादेव मंदिर आशियाना के पंडित श्री देवी प्रसाद तिवारी जी ने बताया कि इस साल 11 जुलाई 2025 से शुरू हुआ सावन 9 अगस्त 2025 तक चलेगा। आज 14 जुलाई 2025 को सावन का पहला सोमवार है। धनिष्ठा नक्षत्र और आयुष्मान योग का शुभ संयोग होने से पूजा का महत्व और बढ़ गया है।

सावन के सोमवार को भगवान शिव की पूजा करने से कई लाभ मिलते हैं। ऐसी मान्यता है कि सच्चे मन से की गई शिव आराधना से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं, विशेषकर अविवाहित लड़कियों को मनचाहा वर मिलता है। शिवलिंग पर जल, दूध, शहद आदि से अभिषेक करने से भक्तों को सुख, शांति, समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद प्राप्त होता है। भगवान शिव की उपासना करने से तनाव, रोग और कर्ज से मुक्ति मिलती है। सावन के सोमवार का व्रत रखने से ग्रहों की प्रतिकूलता दूर होती है और दांपत्य जीवन में मधुरता आती है।

पंडित श्री रोहित तिवारी जी ने बताया कि श्रावण मास में नागेश्वर महादेव मंदिर सोमवार के दिन प्रातः 06 बजे से 13:00 बजे तक खुला रहेगा। सोमवार को सायं 07.30 बजे मंदिर में श्रृंगार होगा। उसके बाद में जलाभियेक एवं फल, फूल चढ़ाने का कार्यक्रम स्थगित, रहेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से दीप, धूप, मंदिर के बाहर जलाने तथा उपासना भी गर्भगृह के बाहर ही करने की अपील की। बताया कि महिला मंडल द्वारा प्रत्येक सोमवार 3.30 बजे से भजन कीर्तन आयोजित होगा, 20 जुलाई को हरियाली तीज का उत्सव सायं 03.00 से प्रारम्भ होगा।

Posted in , , ,

Leave a comment