सरगना समेत दोपहिया वाहन चोर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
गिरोह का खुलासा, चोरी के 21 दो पहिया वाहन बरामद
लखनऊ। आशियाना पुलिस ने सरगना समेत दो पहिया वाहन चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी 21 दो पहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
आशियाना पुलिस वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए थाना क्षेत्र में दो पहिया वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर मंगलवार को बड़ा खुलासा किया।

आशियाना थाने पर मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव ने इस गिरोह का खुलासा किया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यह एक नया गिरोह है, जो 2025 में ही बना है। इनका सॉफ्ट टारगेट मॉल और अस्पताल होते हैं। इस गिरोह का मुख्य सरगना आशियाना क्षेत्र का ही सेक्टर एम~1 तिवारी मार्केट निवासी सूरज गौतम उर्फ छोटू पुत्र उदयराज है, जो मूलरूप से ग्राम महादेवा जनपद बाराबंकी का रहने वाला है। इसके अलावा इस गिरोह में पांच अन्य सदस्य शामिल हैं। इनमें से चार सदस्य पुलिस हत्थे लगे हैं। इनमें सुमित सिंह उर्फ शानू पुत्र सुदेश सिंह निवासी मानस नगर आशाराम बापू रोड थाना कृष्णा नगर, अभिषेक राजपूत उर्फ गंगू पुत्र स्व राजू राजपूत निवासी रिक्शा कॉलोनी सेक्टर एम1 थाना आशियाना, रवि थापा उर्फ एनडी पुत्र अमर सिंह थापा निवासी रिक्शा कॉलोनी सेक्टर एम1 एवं सूरज उर्फ अंश सिंह पुत्र शिलवाल सिंह निवासी ई 192 एलडीए कॉलोनी सेक्टर ई थाना सरोजनी नगर शामिल हैं।

इसके अलावा मुकदमे में वांछित उन्नाव जनपद के रहने वाले अरुण उर्फ गब्बर को गिरफ्तार करने को पुलिस जुट गई है। गिरोह की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी के कुल 21 दो पहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिसमें से आठ वाहन चोरी के मुकदमे विभूतिखंड, गौतमपल्ली, चिनहट, काकोरी, सुशांत गोल्फ सिटी और तीन मुकदमे आशियाना में दर्ज हैं। अन्य बरामद वाहनों के विषय में पता किया जा रहा है। फिलहाल गिरफ्तार शातिरों के खिलाफ कार्यवाही कर जेल भेज दिया गया है।
Leave a comment