लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बिजनौर में मनाई पुण्यतिथि
स्व. रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि व वृक्षारोपण
~ भूपेंद्र निरंकारी बिजनौर
बिजनौर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बिजनौर में पार्टी संस्थापक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म भूषण से सम्मानित स्व. रामविलास पासवान की पांचवीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। नुमाइश ग्राउंड के पास स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उन्हें ‘सर्व समाज के शोषितों, गरीबों, उपेक्षितों एवं महिलाओं की सशक्त आवाज’ के रूप में याद किया गया।

ऐतिहासिक कार्यों को किया गया याद
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष रामनाथ सिंह ने स्व. पासवान को माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में उनके ऐतिहासिक कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाईं। जिलाध्यक्ष ने विशेष रूप से गरीबों के लिए राशन वितरण प्रणाली, आम नागरिकों के लिए मोबाइल सुविधा की शुरुआत और डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न दिलवाने तथा संसद भवन में उनकी प्रतिमा स्थापित करवाने जैसे कार्यों का उल्लेख किया।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पुण्यतिथि के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया। आवास विकास कॉलोनी में एलआईसी के पीछे बने पार्क में जिलाध्यक्ष रामनाथ सिंह, वरिष्ठ पत्रकार मंजेश ठाकुर, जिला महासचिव यादराम सिंह और नगर अध्यक्ष हरिश्चंद्र गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने आम के दो पौधे लगाए।

कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष नवीन कुमार गर्ग, वरिष्ठ नेता चंद्रमणि रघुवंशी, नगर अध्यक्ष हरिश्चंद्र गुप्ता, जिला प्रधान महासचिव यादराम सिंह, जिला सचिव दिनेश कुमार, ब्लॉक उपाध्यक्ष तेजपाल सिंह, डी.के. सागर, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष नीता रानी सैनी व नीरज गौतम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने स्व. रामविलास पासवान द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलने और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
Leave a comment