newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

लखनऊ, (14 अक्टूबर 2025)। अयोध्या दीपोत्सव-2025 में रामायण के सात कांडों पर आधारित झांकियों का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। शोभायात्रा में प्रभु श्रीराम के बालकांड से लेकर उत्तरकांड तक की कथाओं को कलाकार झांकियों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगे। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया, ‘इस शोभायात्रा का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और धर्मग्रंथों की शिक्षाओं को आमजन तक पहुंचाना, विशेषकर बच्चों और युवा पीढ़ी को उनकी पौराणिक कथाओं और संस्कृति से जोड़ना भी है।

‘मंत्री जयवीर सिंह ने बताया,’अयोध्या दीपोत्सव की शोभायात्रा में शहर के मार्गों पर सांस्कृतिक समृद्धि और धार्मिक भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जिसमें स्थानीय और देश-दुनिया से आने वाले पर्यटक शामिल होंगे। रामनगरी 26 लाख से अधिक दीयों से जगमगाएगी। लक्ष्मण किला घाट से नया घाट तक 2100 लोगों द्वारा महाआरती विशेष आकर्षण होगा। यह दीपोत्सव पिछले वर्षों से अधिक भव्य होगा, जिसमें आस्था और नवाचार का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।’

पर्यटन मंत्री ने बताया कि ‘दीपोत्सव-2025 में भगवान श्रीराम की जीवन गाथा को जीवंत करने वाली भव्य झांकियों का प्रदर्शन होगा। शोभायात्रा साकेत महाविद्यालय से निकलेगी। यह शोभायात्रा रामायण के सातों कांडों- बालकांड, अयोध्या कांड, अरण्य कांड, किष्किंधा कांड, सुंदरकांड, लंका कांड और उत्तर कांड पर आधारित होगी। प्रत्येक झांकी में रामायण के प्रमुख प्रसंगों का कलात्मक चित्रण किया जाएगा, जो भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों, मर्यादा और धर्म की विजय के संदेश से प्रेरित होंगे। पारंपरिक परिधानों, संगीत, नृत्य और साज-सज्जा के माध्यम से प्रस्तुत ये झांकियां दीपोत्सव के सांस्कृतिक उल्लास को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगी।

बालकांड की झांकी में भगवान राम के जन्म और विश्वामित्र आश्रम गमन के प्रसंग को दर्शाया जाएगा, वहीं अयोध्या कांड में राम और सीता के विवाह, वनगमन आदि को प्रस्तुत किया जाएगा। अरण्य कांड में सीता हरण और जटायु प्रसंग, किष्किंधा कांड में सुग्रीव-मित्रता, सुंदरकांड में हनुमान की लंका यात्रा और उनके पराक्रम, लंका कांड में रावण-वध और उत्तर कांड में श्रीराम के राज्याभिषेक के दृश्य विशेष आकर्षण रहेंगे।

मंत्री ने बताया कि ‘इन झांकियों में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन की दिव्य गाथा, आदर्शों, त्याग, प्रेम और धर्म की भावना को कलात्मक रूप से अभिव्यक्त किया जाएगा। प्रत्येक झांकी को आधुनिक पारंपरिक गीत-संगीत, लोक कलाओं और नाट्य रूप में सुसज्जित किया जाएगा, जिससे दर्शक स्वयं को त्रेतायुग की पावन कथा का साक्षी महसूस करेंगे।’

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया, ‘रामायण से जुड़े सभी सात कांड पर आधारित शोभायात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगी, बल्कि अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत, लोककला और परंपरा की झलक प्रस्तुत करेगी। दीपोत्सव के दौरान कलाकारों का अभिनय, भक्ति संगीत और पुष्प वर्षा के बीच इन झांकियों से सम्पूर्ण अयोध्या राममय हो उठेगी।’

Posted in , ,

Leave a comment