श्री विदुर गुरु गृह इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय विदुर नीति प्रतियोगिता
चौदह कॉलेजों ने किया प्रतिभाग, विदुर नीति से थमेगी नैतिक गिरावट
आधुनिक जीवन की हर समस्या का समाधान ‘विदुर नीति’ में समाहित: DIOS जयकरन यादव
~ भूपेंद्र निरंकारी
दारा नगर विदुरकुटी (बिजनौर)। श्री विदुर गुरु गृह इंटर कॉलेज दारा नगर विदुरकुटी के विशाल प्रांगण में रविवार को जनपद स्तरीय विदुर नीति प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस प्रतियोगिता में जनपद के चौदह कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘आधुनिक समय में विदुर नीति का महत्व’ रहा। प्रतिभागियों ने अपने विचारों से यह सिद्ध किया कि महात्मा विदुर की नीतियाँ वर्तमान समय में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अत्यंत प्रासंगिक हैं। छात्रों ने इन नीतियों को जीवन में अपनाकर एक विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) जयकरन यादव ने कहा कि आधुनिक समय में जीवन में आने वाली हर समस्या का समाधान विदुर जी की नीति में समाहित है। उन्होंने छात्रों से इन नीतियों का अध्ययन करने का आग्रह किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाशचंद ने आधुनिक समय में तेजी से बढ़ती जा रही नैतिक गिरावट को रोकने और संस्कारों की पुनर्स्थापना के लिए विदुर नीति के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ उसके चिंतन-मनन की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रतियोगिता में देवांश शर्मा ने प्रथम, रिया जिंदल ने द्वितीय और अनादि शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. निर्मल शर्मा, कैप्टेन विशनलाल व डी पी सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश शर्मा ने की। कल्चरल एक्टिविटी कोऑर्डिनेटर रवि प्रकाश आर्य और बबीता सिंघल के निर्देशन में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने अतिथियों का मन मोह लिया।

निर्णायक मंडल में राजेंद्र सिंह, प्रदीप विश्नोई व जितेंद्र कुमार सम्मिलित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन अरुण त्यागी ने किया, जबकि समस्त स्टाफ ने इसे सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।
Leave a comment