कार्यक्रमों में महिलाओं, युवाओं व किसानों की अनदेखी। केवल मनोरंजन के कार्यक्रम ही हो रहे प्रसारित। प्रसार भारती के उद्देश्यों को भी दरकिनार कर किया जा रहा प्रसारण।

बिजनौर/नजीबाबाद (कपिल कुमार गोयल) वर्तमान में आकाशवाणी केंद्र नजीबाबाद से प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। केन्द्र से पूर्व की तरह युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए कार्यक्रमों का प्रसारण नहीं किया जा रहा है।आकाशवाणी केन्द्र नजीबाबाद पर प्रात:10 बजे से तीन बजे तक की सभा का प्रसारण किया जा रहा है। उक्त सभा का प्रसारण केवल समानुदेशिती की जिम्मेदारी पर किया जाता रहा।
कृषि प्रधान जिले में सिर्फ मनोरंजक कार्यक्रम! नजीबाबाद आकाशवाणी केंद्र से जुड़े सभी जिले कृषि प्रधान होने के बावजूद कृषि के प्रति जागरूकता से सम्बन्धित कार्यक्रमों को तैयार नहीं किया जा रहा और न ही कृषि से सम्बन्धित कार्यक्रमों का प्रसारण किया जा रहा है। आकाशवाणी केंद्र की प्रसारण गुणवत्ता पर दृष्टिपात करने पर लगता है कि उक्त केन्द्र का प्रसारण मनोरंजन पर आधारित ही रह गया है। बताया जाता है कि उच्चाधिकारियों की ओर से कोरोना संक्रमण काल में गाइडलाइन के निर्देशानुसार कार्यक्रमों के प्रसारण की अनुमति दी गयी थी। इसके अलावा तकनीकी स्टाफ ने अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया है। देखा जाए तो इन दिनों अधिकारियों का कार्यक्रमों की गुणवत्ता आदि पर कोई ध्यान नहीं है। युवाओं और महिलाओं से सम्बन्धित कार्यक्रमों का भी प्रसारण उक्त केन्द्र से नहीं किया जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन युवा के प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह, किसान संगठन के पदाधिकारी रंधावा सिंह, मदन सिंह, गुरनाम सिंह, केवल सिंह आदि का कहना है कि आकाशवाणी केंद्र से विगत दो माह से किसानों के कार्यक्रमों का प्रसारण नहीं किया जा रहा है।
ड्यूटी लगाने में भेदभाव! कुछ अन्य लोगों का कहना है कि जागरूकता सम्बन्धी कार्यक्रमों को भी प्रसारण में शामिल नहीं किया गया है। लगता है कि आकाशवाणी केंद्र पर पूरी तरह से मनमानी बरती जा रही है। लगभग तीन दर्जन समनुदेशिती होने के बावजूद केवल 10 को ही ड्यूटी दी जा रही है। जिन लोगों को ड्यूटी नहीं दी गयी है उन लोगों के सामने भी कोरोना काल में आर्थिक संकट गहरा रहा है। आकाशवाणी केन्द्र के श्रोताओं का कहना है कि कार्यक्रमों को पूर्व की तरह ही प्रसारित किया जाना चाहिए और कार्यक्रम की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। इस सम्बन्ध में आकाशवाणी केन्द्र नजीबाबाद के सहायक केन्द्र प्रभारी अमंर सिंह से संपर्क का प्रयास किया गया परंतु संपर्क न होने के चलते उनका पक्ष नहीं मिल सका।
Leave a comment