
बिजनौर। तालाब में मछलियां पालने वाले ने गांव के ही चार दबंगों को मछली चोरी करते पकड़ा तो पुत्र समेत पीटा गया। इतने पर भी मन नहीं भरा तो दबंगों ने तालाब में जहर डाल कर सभी मछलियों की जान ले ली। उस पर थाना पुलिस भी उस्ताद निकली, पीड़ित की शिकायत पर दोनों ही पक्षों का चालान कर दिया। अब पीड़ित मछली पालक की पत्नी ने कलक्ट्रेट पहुंच कर न्याय की गुहार लगाई है। मरी हुई मछलियों की कीमत ₹पांच लाख बताई गई है।
ये है पूरा मामला: नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव उमरी खादान निवासी किसान शहीद अहमद ने गांव में ही एक तालाब में मछली पालन किया हुआ है। एक रात्रि में शहीद ने अपने तालाब से मछलियां चोरी करते हुए गांव के ही कुछ दबंगो को मौके पर पकड़ा। आरोप है कि शहीद ने जब इन सभी को मछली चोरी करने के लिए मना किया तो उक्त लोगों ने शहीद व उसके लड़के सैफ अली की जमकर मारपीट कर दी। इसमें शहीद और सैफ घायल हो गए। घायलों द्वारा अस्पताल में उपचार कराया गया। बाद में इकबाल, मानू, इसरार और फयाजू के खिलाफ तहरीर दी गई तो पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दोनों पक्ष के लोगों का चालान कर दिया।
न्याय की गुहार: इसी के चलते पीड़ित शहीद की पत्नी ग्रामीणों और परिजनों के साथ कलक्ट्रेट परिसर पहुंची। वहां उसने जिला प्रशासन से मरी मछलियों के मुआवजे और उक्त दबंगो के खिलाफ कार्यवाही की गुहार लगाई। मरी हुई मछलियों की कीमत ₹पांच लाख बताई गई है।
Leave a comment