
बिजनौर। दशहरा का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया। इसकी तैयारी पहले ही पूरी कर ली गई थी। शहर के रामलीला मैदान में रावण और कुम्भकरण के पुतलों का दहन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। भारी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया। एसपी दिनेश सिंह ने पुलिस के आला अधिकारियों के साथ रामलीला मैदान पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मैदान में हजारों की भीड़ जुटी।


रामलीला मैदान के बाहर लगी कई तरह की दुकानें
असत्य पर सत्य की जीत का त्योहार मनाते हुए बिजनौर में दशहरे की तैयारी पहले ही पूरी कर ली गई थी। पुतला दहन से पहले राम-रावण युद्ध का मंचन हुआ। लंबे समय तक चले युद्ध में भगवान राम ने आखिरकार रावण का वध कर दिया। बाद में रावण व कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। रामलीला मैदान के बाहर लगी कई तरह की दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। चाट पकौड़ी, जलेबी, तरह तरह की मिठाईयां, चाउमीन, मोमोज खूब बिकी। बच्चों, महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ मेले का आनंद लिया।

भारी फोर्स रहा तैनात~ शहर कोतवाल रविन्द्र वशिष्ट ने बताया कि रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के तहत 120 सिपाही, 20 दरोगा, 1 प्लाटून पीएसी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। दमकल की टीम के साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस भी तैनात रही। एसपी दिनेश सिंह ने पुलिस के आला अधिकारियों के साथ रामलीला मैदान पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

रामलीला कमेटी के संरक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि रामलीला मैदान में तैयारी पहले ही पूरी कर ली गई थी। इस अवसर पर 30 से 40 हजार लोगों के आने की संभावना के चलते हर तरीके के इंतजाम किए गए।

दूर दूरदराज से आए लोगों ने लिया भरपूर आनंद
नहटौर में असत्य पर सत्य की जीत का पर्व दशहरा बड़ी धूमधाम से मनाया। धामपुर रोड स्थित जैन इंटर कॉलेज में एक मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में स्थानीय और दूर दूरदराज से आए लोगों ने भरपूर आनंद लिया। शाम लगभग 6 बजे रावण का दहन किया गया। मेले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की शोहदों पर पैनी नजर रही। छोटे-छोटे बच्चों ने मेले में पहुंचकर खूब अठखेलियां की। इस दौरान नहटौर कस्बा इंचार्ज बबलू पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस की खूब चाक-चौबंद व्यवस्था रही।

स्योहारा में धूं धूं कर जला रावण का पुतला
स्योहारा। रामलीला मैदान में चल रहे रामलीला मंचन में राम-रावण युद्ध दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। रावण वध के बाद मैदान में रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया। इसके बाद लोगों ने आतिशबाजी के साथ असत्य पर सत्य की जीत का जश्न मनाया।
आदर्श रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में बुधवार को राम-रावण युद्ध का मंचन हुआ। इस दौरान कपटी रावण के कई रूप देखने को मिले। लंबे समय तक चले युद्ध में भगवान राम ने आखिरकार रावण का वध कर डाला। इसके बाद आतिशबाजी के साथ रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया। रामलीला तथा रावण का पुतला दहन देखने के लिए दर्शकों की खूब भीड़ जुटी।
Leave a comment