सपा पदाधिकारियों से चुनाव प्रचार के संदर्भ में की चर्चा
अखिलेश यादव के प्रचार को कन्नौज पहुंचे मनोज पारस
कन्नौज/बिजनौर। पश्चिम उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से विधायक एवं पूर्व मंत्री मनोज कुमार पारस चुनाव प्रचार के वास्ते लोकसभा क्षेत्र कन्नौज पहुंच गए हैं।


उन्होंने कन्नौज समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पहुंच कर लोकसभा प्रभारी अरविंद गिरी, शिवम कश्यप, पूर्व राज्य मंत्री शुभाकर से मुलाकात की एवं लोकसभा कन्नौज चुनाव प्रचार के संदर्भ में चर्चा की।

वहीं विधायक नगीना (पूर्व मंत्री) मनोज पारस; कन्नौज लोकसभा अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र रसूलाबाद में समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शैलेश यादव, धीरज यादव, गिरधारी लाल लोधी, श्रीमती नीता सचान से शिष्टाचार भेंट की एवं लोकसभा चुनाव प्रचार- प्रसार की रणनीति बनाई।

इस मौके पर उनके साथ जयप्रकाश चंदेल प्रदेश सचिव बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी समाजवादी पार्टी, भूरे सिंह पूर्व प्रधान प्रदेश सचिव एससी/एसटी प्रकोष्ठ समाजवादी पार्टी मौजूद रहे।


इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशा-निर्देश पर विधायक नगीना (पूर्व मंत्री) मनोज पारस लोकसभा कन्नौज में चुनाव प्रसार के लिए प्रस्थान किया।
लंबे अरसे बाद फिर इस सीट पर चुनावी मैदान में अखिलेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लंबे अरसे बाद फिर इस सीट पर चुनावी मैदान में उतरे हैं। सपा ने पीडीए (पिछड़ा दलित और अल्पसंख्यक) का नारा दिया है। हालांकि सपा की जीत का आधार यहां हमेशा से एमवाई (मुस्लिम व यादव) ही रहा है।
इत्र नगरी कन्नौज से समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया ने वर्ष 1967 में सीट गठन के बाद यहां से पहला चुनाव जीता था। दूसरी ओर खुद को लोहिया का अनुयायी कहने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव, उनके पुत्र अखिलेश यादव और बहू डिंपल ने भी यहां से प्रतिनिधित्व किया। राज्य में पार्टी की सरकार बनने पर अखिलेश ने 2012 में कन्नौज लोकसभा सीट से त्यागपत्र दे दिया था। उपचुनाव में उनकी पत्नी डिंपल यादव निर्विरोध सांसद बनी थीं। यहां तक कि 2014 की नरेंद्र मोदी की लहर में भी इस सीट पर सपा का ही कब्जा रहा। वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा ने इस सीट पर विजय हासिल की। बसपा ने चुनाव मैदान में मुस्लिम प्रत्याशी इमरान बिन जफर को उतारा है।

मतदाताओं के हिसाब से….
लोक सभा क्षेत्र कन्नौज में करीब 17 लाख से अधिक हिंदू और ढाई लाख से अधिक मुस्लिम मतदाता हैं। हिंदुओं में ढाई लाख यादव, दो लाख क्षत्रिय, दो लाख लोधी, पौने दो लाख ब्राह्मण, पाल और शाक्य ढाई लाख, अनुसूचित जाति के करीब तीन लाख मतदाता बताए जाते हैं।
लोकसभा क्षेत्र कन्नौज में छिबरामऊ, तिर्वा, कन्नौज, बिधूना एवं रसूलाबाद कुल पांच विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
Leave a comment