महर्षि वाल्मीकि के आदर्श आज भी पथ प्रदर्शक: जयवीर सिंह
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर यूपी के 75 जिलों में अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ
लखनऊ, (07 अक्टूबर 2025)। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में भक्ति, आस्था और संस्कृति के संगम स्वरूप विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में जिला प्रशासन का सक्रिय सहयोग मिला।

नया हनुमान मंदिर मेंअखंड रामायण पाठ
राजधानी लखनऊ में, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अलीगंज स्थित नया हनुमान मंदिर में महर्षि वाल्मीकि कृत रामायण के अखंड पाठ का शुभारंभ किया। उनके शुभारंभ के बाद ही प्रदेश भर के मंदिरों और महर्षि वाल्मीकि से संबंधित स्थलों पर अखंड रामायण पाठ की शुरुआत हुई।

इस अवसर पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार द्वारा महर्षि वाल्मीकि के जयंती पर प्रदेश के सभी 75 जिलों के देव मंदिरों और संबंधित स्थलों पर रामचरित मानस पाठ, अखण्ड रामायण पाठ, वाल्मीकि रामायण पाठ, सुन्दर काण्ड, भजन-कीर्तन, दीप प्रज्ज्वलन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने ज़ोर दिया कि ऐसे आयोजन प्रदेश की संस्कृति और आस्था से जुड़ी हमारी परंपरा और लोक आस्था को सशक्त बनाते हैं।

वाल्मीकि सम्मान और आदर्श जीवन मूल्यों का आह्वान
अखंड रामायण पाठ के शुभारंभ के उपरांत, मंत्री जयवीर सिंह राज्यसभा सांसद बृजलाल के साथ जानकीपुरम स्थित गौतम बुद्ध विहार कॉलोनी पहुंचे। यहाँ उन्होंने स्थानीय लोगों को ‘वाल्मीकि सम्मान’ प्रदान किया। मंत्री ने इस अवसर पर नागरिकों से आह्वान किया कि वे महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करें। उन्होंने कहा, ‘महर्षि वाल्मीकि के आदर्श आज भी समाज के लिए पथ प्रदर्शक हैं।’

वाल्मीकि जी के सम्मान में हुए प्रमुख कार्य: मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि राज्य में महर्षि वाल्मीकि जी के सम्मान के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
1. भगवान राम की नगरी अयोध्या में उनके नाम पर अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट एवं भव्य प्रतिमा स्थापित की गयी है।
2. संगीत नाटक अकादमी में वाल्मीकि प्रेक्षागृह, स्मारक, पुस्तकालय एवं छात्रावास सहित कई योजनाएं संचालित हैं, जिससे वाल्मीकि समाज का गौरव एवं सम्मान बढ़ा है।

चित्रकूट की तपोस्थली का विकास:
पर्यटन विभाग द्वारा महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली लालापुर, चित्रकूट में पर्यटन विकास कार्य, वाल्मीकि जी की भव्य प्रतिमा की स्थापना और अखंड रामायण पाठ किया जा रहा है। इसके साथ ही वृहद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हो रहे हैं। मंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि से संबंधित स्थलों के विकास और प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक इन स्थलों से जुड़ सकें।
डबल इंजन की सरकार का ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र

पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ बिना किसी भेदभाव के सांस्कृतिक विरासत और विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। जयवीर सिंह ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से सभी को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
Leave a comment