बांधों से पानी छोड़े जाने पर यमुना का बढ़ा जल स्तर। प्रशासनिक अफसरों ने आसपास के गांव का किया निरीक्षण।
कालपी (जालौन)। मध्यप्रदेश व राजस्थान के अनेक क्षेत्रों में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा और वहां के बांधों से छोड़े गए पानी से चम्बल नदी का जल स्तर ऊपर पहुंच गया है। वहीं चम्बल नदी का पानी यमुना नदी में आने से कालपी में जल स्तर तेजी बढ़ रहा है। आज शाम तक यह 105 मीटर पर पहुंचने के संकेत बाढ़ नियन्त्रण केन्द्र ने दिये हैं। तहसीलदार बलराम गुप्ता ने कई स्थानों का दौरा कर यमुना नदी किनारे बसे ग्रामों के लोगों को नदी के किनारे न जाने व सावधान रहने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा के कारण कई प्रांतों के बांध पानी से ओवर हो गए हैं। इस कारण बांधों से छोड़े गये पानी के चलते चम्बल नदी का जल स्तर बढ़ रहा है। वहीं चम्बल नदी का पानी यमुना नदी में छोड़े जाने से कालपी में जल स्तर मंगलवार को बढ़ता हुआ 100 मीटर पर पहुंच गया है। यह खतरे के निशान से 8 मीटर नीचे है। केन्द्रीय जल आयोग के अनुसार यमुना नदी का जल स्तर तेजी के साथ बढ़ रहा है, जो बुधवार की शाम तक 105 मीटर पर पहुंच जायेगा। विदित हो कि एक माह पूर्व आई बाढ़ से नदी के किनारे बसे ग्रामों के लोगों के घर, मकान व खेत जलमग्न हो गये थे तथा भारी नुकसान हुआ था। इस त्रासदी से लोग अभी उबर भी नहीं पाये थे कि यमुना नदी का जल स्तर पुन: बढ़ने से लोगों को भय सताने लगा है। तहसीलदार बलराम गुप्ता ने यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर को लेकर लोगों को सावधान रहने व नदी किनारे न जाने की अपील की है।