जरूरत पड़ी तो आन्दोलन से नहीं हटेंगे पीछे
खाद्य विभाग कर रहा है व्यापारियों का उत्पीड़न: राहुल वर्मा

बिजनौर/गंज। पिछले कुछ समय से खाद्य विभाग ने व्यापारियों का बहुत अधिक उत्पीड़न कर रखा है। यह बात सैनी धर्मशाला गंज में आयोजित व्यापारी एकता परिषद (रजि.) की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राहुल वर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि ये शिकायत जिले के प्रभारी/ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से भी कर दी गई है।

बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राहुल वर्मा ने कहा कि प्रभारी/ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आश्वासन दिया है कि किसी भी व्यापारी का कोई विभाग उत्पीड़न करता है तो उसे सरकार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। श्री वर्मा ने कहा कि व्यापारी का उत्पीड़न रोकने के लिए अगर संगठन को आन्दोलन भी करना पड़ा तो कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री देवेश चौधरी ने कहा कि व्यापारी एकता परिषद का हर एक सदस्य व्यापारियों की लड़ाई लड़ रहा है। उनके संगठन का मुख्य उद्देश्य ही व्यापारी की सुरक्षा और सम्मान है। अगर व्यापारी के सम्मान और अधिकार के लिए किसी से भी आरपार की लड़ाई लड़नी पड़ी तो भी व्यापारी पीछे नहीं हटेगा। जिला महामंत्री प्रशांत चौधरी ने कहा कि किराना व्यापारी अपने दुकानों के फूड लाइसेंस बनवाएं, बाट माप सर्टिफिकेट रखें अगर व्यापारियों के सभी काग़ज़ पूरे होंगे तभी हम उनकी लड़ाई लड़ सकते हैं।

इस मौके पर संगठन की प्रदेश कोषाध्यक्ष राजीव वर्मा ने नगर कार्यकारिणी का गठन करते हुए कल्याण सिंह व सुमेर सिंह को मुख्य संरक्षक, राकेश कुमार को नगर अध्यक्ष, ओमपाल सिंह को नगर महामंत्री, मूलचंद सिंह को उपाध्यक्ष, सोनू कुमार नगर मंत्री, वीर सिंह उपाध्यक्ष, सोनू प्रजापति नगर मंत्री, तिलक राम उपाध्यक्ष, अभय कुमार व शेर सिंह को जिला उपाध्यक्ष, रविन्द्र सैनी व जीशान अहमद नगर संगठन मंत्री मनोनीत किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष इंद्रदेव सिंह, विकास धीमान, सोम सैनी आदि व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान कल्याण सिंह सैनी तथा संचालन गोपाल धीमान एवं प्रशांत चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।
Leave a comment