सामाजिक न्याय और हक की लड़ाई को करना होगा मजबूत : विनेश भैया
जन सेवा दल और लोक मोर्चा के बैनर तले फतेहपुर में विशाल रैली
जनसंख्या के अनुपात में हर जाति को राजनीतिक हिस्सेदारी : स्वामी प्रसाद मौर्य
लखनऊ। जन सेवा दल और लोक मोर्चा के बैनर तले फतेहपुर में आयोजित एक विशाल कार्यक्रम में लोकमोर्चा के सभी घटक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों और सामाजिक संगठनों के नेताओं ने एक सुर में सामाजिक न्याय और सत्ता में वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद लोधी ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य उपस्थित रहे।
प्रमोद लोधी ने कहा कि लोक मोर्चा के गठन के बाद बड़ी-बड़ी पार्टियों की नींव हिलने लगी है, लोकमोर्चा सामंतवादी विचार धारा के लोगों को 2027 में मुंहतोड़ जवाब देगा, अब उन्हें कुर्सी का डर सताने लगा है। उन्होंने दावा किया कि लोधी समाज पूरी तरह से लोक मोर्चा के साथ खड़ा है। गाँव-गाँव जाकर लोगों के विचारों को सुनने के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि अगर दलित, पिछड़ा और ओबीसी वर्ग एक साथ आए, तो सरकार बनना निश्चित है। उन्होंने समाज पर हो रहे अन्याय और उत्पीड़न का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता प्राप्ति ही इससे मुक्ति का एकमात्र रास्ता है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग आतंक का माहौल बनाकर दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को डराना चाहते हैं, लेकिन अब यह सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने ठान लिया है कि हर जाति को उनकी जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाकर सत्ता में भागीदार बनाऊंगा।
जनसेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश भईया ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कार्यकताओं में जोश का संचार किया और सत्ता में हिस्सेदारी का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब अति पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और बहुजन समाज को उनके वोट के अनुपात में सत्ता में भागीदारी मिलनी चाहिए। विनेश भईया ने कहा, सैन सविता नंद पाल प्रजापति सैनी कश्यप समेत अति पिछड़ों का 42% वोट हैं, लेकिन सत्ता पर राज सिर्फ 2% वोट वाले लोग करते हैं। अब ऐसा नहीं चलेगा। लोकमोर्चा का सीधा एजेंडा है जिस बिरादरी का जितना वोट, उसे उतनी ही हिस्सेदारी। विधानसभा टिकट से लेकर सरकार के हर फैसले तक हमारी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनसेवा दल और लोकमोर्चा का उद्देश्य सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और हक की लड़ाई को मजबूत करना है। उन्होंने आह्वान किया कि अगर सभी अति पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक एकजुट हो जाएं तो 2027 में लोकमोर्चा की सरकार बनना तय है। जनसेवा दल प्रमुख ने जातीय उत्पीड़न और अपमान पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा, लोकमोर्चा की सरकार बनते ही जातिगत अपमान करने वालों को जेल भेजा जाएगा। हम सिर्फ वोट नहीं, अब हक भी लेंगे।

सम्यक पार्टी के तपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि हमें एक-दूसरे की मदद कर सत्ता में आना होगा, क्योंकि यही एक मजबूत रास्ता बचा है। उन्होंने कहा कि जनता पाखंड और ढोंग से छुटकारा चाहती है, लेकिन यह एक क्रमिक प्रक्रिया है जिसे मिलकर ही आगे बढ़ाया जा सकता है। रिटायर्ड आइपीएस बीपी अशोक ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने जो रास्ता दिखाया, वही हमें सत्ता तक पहुंचा सकता है। उन्होंने चेताया कि सत्ता में आने के बाद रास्ता बदलने वालों की वजह से समाज पिछड़ता है। उन्होंने बताया कि पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी आरक्षित वर्गों के हित में लगातार काम कर रही है। पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि हम सब अपनी सुख-सुविधा छोड़कर गांव-गांव जाकर मेहनत कर रहे हैं लेकिन आप लोगों को भी घरों से निकलकर मेहनत करनी होगी। उन्होंने साफ कहा कि सत्ता ही आपको सम्मान दिला सकती है। विवेक ठाकुर ने कहा कि हम प्रथम चक्रवर्ती सम्राट के वंशज होते हुए भी सत्ता से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि जन सेवा दल का गठन हमारी विचारधारा से जुड़े लोगों को जोड़ने और सत्ता तक पहुंचाने के लिए किया गया है। स्वतंत्र राज पार्टी के अध्यक्ष घनश्याम कोरी ने कहा कि हमारे महापुरुषों ने जो संघर्ष किया, उससे हम भटक गए, लेकिन अब समय है फिर से एकजुट होकर सत्ता प्राप्त करने का। उन्होंने लोकमोर्चा के गठन पर विस्तार से प्रकाश डाला। राजेश प्रताप ने कहा कि अब आरक्षित वर्ग के लोगों को मांगने वाला नहीं, निर्णय लेने वाला बनना होगा।उन्होंने कहा कि लोकमोर्चा ऐसे नेतृत्व की तरफ बढ़ रहा है, जो आरक्षित वर्ग की वास्तविक हिस्सेदारी सुनिश्चित करेगा।
इस भव्य आयोजन में फतेहपुर जिलाध्यक्ष अशोक फौजी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजौल सैन, प्रदेश प्रभारी भोलाराम सविता, उमेश नंदवंशी, शशि सैन, संगीता सैन, राष्ट्रीय संगठन मंत्री धर्मेंद्र सविता, जिलाध्यक्ष कौशांबी अनिल शर्मा, युवा जिलाध्यक्ष अनुज नंदवंशी, राजेश सिद्धार्थ, बीपीअशोक, वसी अहमद, शिवप्रसाद विश्वकर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी नेताओं ने प्रमोद लोधी को बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अति पिछड़े वर्ग को सत्ता में भागीदारी जरूर मिलेगी।
Leave a comment